कुल्लू के दलाश में दो सप्ताह से बस सेवा ठप, हजारों लोग परेशान
विज्ञापन
. जनता ने सरकार और परिवहन विभाग के खिलाफ आंदोलन शुरू करने की चेतावनी दी संवाद न्यूज एजेंसी दलाश (कुल्लू)। दलाश क्षेत्र में पिछले दो सप्ताह से दो महत्वपूर्ण बस सेवाएं बंद हैं। इससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जनता ने सरकार और परिवहन विभाग के खिलाफ आंदोलन शुरू करने की चेतावनी दी है। दलाश-सोईधार-लूहरी और लूहरी-गुंगी-दलाश मार्ग पर चलने वाली ये बसें बंद हैं। दलाश-सोईधार-लूहरी बस सुबह 10:30 बजे लूहरी से दलाश के लिए चलती थी। इससे खेगसू, बैहरी, सोईधार, गोहाण, गंचछवा और गलोग गांव के लोग दलाश आते थे। वे दिन में अपना काम निपटाकर दोपहर 2:00 बजे इसी बस से घर लौटते थे। यह बस दलाश से लूहरी के लिए भी जाती थी, जिससे लोग शिमला या रामपुर आसानी से जा पाते थे। लूहरी-गुंगी-दलाश बस सेवा बंद होने से इस मार्ग पर अब कोई बस नहीं चलती। लोगों को अब महंगे दामों पर टैक्सी का सहारा लेना पड़ रहा है। दलाश पंचायत प्रधान आशा देवी ने इस स्थिति पर चिंता व्यक्त की है। वयुंगल पंचायत प्रधान हरदयाल और डिंगीधार पंचायत प्रधान सपना देवी ने भी अपनी बात रखी है। बीडीसी सदस्य देवराज चौहान ने भी जनता की परेशानी साझा की। पंचायत प्रतिनिधियों का कहना है कि यदि जल्द बस सेवाएं बहाल नहीं हुईं, तो आंदोलन होगा। उन्होंने रामपुर और आनी स्थित परिवहन विभाग के कार्यालयों का घेराव और अनशन शुरू करने की चेतावनी दी है।
सवारियां कम होने के कारण रूट प्रभावित
अड्डा प्रभारी आनी इंद्र ठाकुर ने बताया कि दोनों बसों में सवारियां कम होने के कारण रूट प्रभावित हो रहे हैं। बसों की कमी भी एक समस्या है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जैसे ही नई बसें उपलब्ध होंगी, इन रूटों पर सेवाएं बहाल कर दी जाएंगी।