संवाद न्यूज एजेसी
रोहड़ू (कोटखाई) । उपमंडल कोटखाई की पांदली पंचायत के लिए एक साल से हिमाचल परिवहन निगम की कोई बस सेवा नहीं चल रही है। पूरे उपमंडल की इकलौती पंचायत में बस सेवा के लिए लोग परेशान हैं। ग्रामीणों को हर दिन छोटे वाहनों से कोटखाई तक पहुंचना पड़ रहा है। ग्रामीण कई बार इस रूट पर बस सेवा चलाने की मांग कर चुके हैं। अब ग्रामीणों में रोष बढ़ गया है। कोटखाई से चैंथला के लिए कई सालों से दिन के समय बस चलती थी। इस रूट पर बस चलने से क्षेत्र के सैकड़ों ग्रामीण लाभान्वित हो रहे थे। एक साल से बस न चलने के कारण कोटखाई से परोटी, कराली, पांदली, चमैत, कलोट, पुगरिश, जालठ, खनोग, बरटोग, सैवग, चैथला और नागपुरी गांव के लोग परेशान हैं। ग्रामीणों का कहना है कि इस रूट पर दूसरी कोई बस सेवा नहीं है। उपमंडल की यह इकलौती पंचायत है, जहां के ग्रामीण बस सेवा से वंचित हैं। ग्रामीणों का कहना है कि लोक निर्माण विभाग ने इस रूट पर बस चलाने के लिए विभाग को पहले ही एनओसी जारी कर दी है। कई दशकों से सड़क बस के लिए पास है, जबकि निगम की बस सेवा पिछले एक वर्ष से बंद है।
पांदली पंचायत की प्रधान शशि चौहान, उप प्रधान अंशुल रमदैईक, जोगिंद्र चौहान, लोकिंद्र चौहान, यशपाल और धर्मपाल चौहान ने कहा कि इस सड़क पर बस सेवा न चलने से ग्रामीण परेशान हैं। लोगों को गांव तक पहुंचने के लिए भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस क्षेत्र से कई प्रभावशाली लोग सरकार के साथ हैं। उन्होंने मांग की है कि इस रूट पर बस सेवा जल्द से जल्द बहाल करें, ताकि क्षेत्र की जनता को और अधिक परेशानी न झेलनी पड़े ।
बस की कमी के चलते इस रूट पर बस नहीं चलाई जा रही है। इस कारण एक साल से चैथला-पांदली रूट बंद है। बसें उपलब्ध होने पर इस रूट पर बस सेवा शुरू कर दी जाएगी।
- प्रकाश चौहान, बस अड्डा प्रभारी, हिमाचल पथ परिवहन निगम के कोटखाई