खगना पंचायत के कटौटी गांव में आग की भेंट चढ़े दो मकान
दो मकानों के 20 कमरे आए आग की चपेट में, घर में रखा सामान भी जला
मौके पर राजस्व विभाग की टीम जुटी नुकसान का आकलन करने में
संवाद न्यूज एजेंसी
चौपाल (रोहड़ू)। चौपाल उपमंडल की खगना पंचायत के कटौटी गांव में दो मकान आग की भेंट चढ़ गए। इस घटना में पांच परिवार बेघर हो गए हैं। पीड़ित परिवारों को गांव में ठहरने की व्यवस्था की गई है। राजस्व विभाग की टीम नुकसान का आकलन करने में जुटी हुई है। कटौटी गांव में वीरवार दोपहर के समय आग की घटना पेश आई। चौपाल-नेरवा मुख्य मार्ग से कटौटी गांव लगभग 500 मीटर दूर है। आग लगने की सूचना ग्रामीणों ने अग्निशमन विभाग को दी। अग्निशमन विभाग के दमकल वाहन और कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर आग को काफी मशक्कत के बाद काबू किया। इस दौरान ग्रामीणों ने भी सहयोग दिया। लेकिन बीस कमरों को दो मंजिला मकान आग की चपेट में आकर पूरी तरह जल गया। मकान के अंदर रखा सामान भी आग की भेंट चढ़ गया। इन मकानों में पांच परिवार एक साथ रहते थे। सभी आपस में सगे-संबंधी हैं। इन पीड़ित परिवारों में मस्त राम पुत्र पदमा राम, देवेंद्र पुत्र मस्त राम, परस राम पुत्र केहरू, कमल पुत्र भगत राम, लायक राम पुत्र केहरू शामिल हैं। प्रशासन ने पीड़ित परिवारों को हर संभव मदद देने का आश्वासन दिया है। एसडीएम हेमचंद वर्मा ने बताया कि पीड़ित परिवारों को फौरी राहत देने और नुकसान का जायजा लेने के लिए राजस्व टीम मौका पर भेजी गई है। हादसे के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। प्रभावित परिवारों के ठहरने की व्यवस्था गांव में की गई है।