तीन साल पहले सरकारी सुविधाओं से वंचित 75 वर्षीय महिला की पीड़ा बनी थी सुर्खियां
. राज्यपाल के हस्तक्षेप से मिली पेंशन, राशन और अन्य सुविधाएं . अब पूर्व जिला परिषद अध्यक्ष पंकज परमार ने मकान पूरा करवाने का उठाया जिम्मा . राज्यपाल ने लिया था संज्ञान हरिकृष्ण शर्मा आनी (कुल्लू)। बुजुर्ग लूरमा देवी की जिंदगी अब बदलने लगी है। कभी बिना आधार कार्ड, राशन कार्ड और पेंशन के जंगल के समीप टूटी झोपड़ी में जीवन गुजारने को मजबूर लूरमा देवी को अब जल्द पक्की छत मिलने की उम्मीद जगी है। कमांद पंचायत के घढ़ारी गांव की रहने वाली लूरमा देवी के अधूरे मकान का निर्माण पूरा करवाने के लिए युवा थोन फाउंडेशन के निदेशक एवं पूर्व जिला परिषद अध्यक्ष पंकज परमार आगे आए हैं। पंकज परमार ने लूरमा देवी के घर पहुंचकर मकान का निर्माण पूरा करवाने का भरोसा दिलाया। उन्होंने बताया कि मकान का आधा निर्माण कार्य पूरा होने के बाद कल्याण विभाग की ओर से दूसरी किस्त के 75 हजार रुपये जारी किए जाएंगे। उन्होंने मकान का निर्माण पूरा करवाने में हरसंभव सहयोग देने की बात कही। करीब दो साल पहले आवास निर्माण के लिए डेढ़ लाख रुपये स्वीकृत हुए थे, लेकिन निर्माण सामग्री उपलब्ध होने के बावजूद मकान का काम अधूरा रह गया। कमांद पंचायत की पूर्व प्रधान एवं जिला परिषद सदस्य रीमा ठाकुर ने बताया कि उनके कार्यकाल के दौरान मकान निर्माण के लिए रेत, बजरी और सरिया सहित जरूरी सामग्री उपलब्ध करवाई गई थी, लेकिन चुनावी व्यस्तताओं के चलते निर्माण कार्य पूरा नहीं हो पाया। उन्होंने भी मकान का निर्माण पूरा करवाने में सहयोग का भरोसा दिया। अप्रैल 2023 में अखबार में लूरमा देवी की बदहाल जिंदगी से जुड़ी खबर प्रमुखता से प्रकाशित की गई थी। उस समय वह जंगल के समीप टूटी-फूटी झोपड़ी में कई वर्षों से जीवन गुजार रही थीं। उनके साथ 11 लावारिस पशु भी थे, जिन्हें वह दो गुफाओं में आश्रय देकर पाल रही थीं। हैरानी की बात यह थी कि 75 वर्ष की उम्र में भी उनके पास आधार कार्ड, मतदाता पहचान पत्र, राशन कार्ड और पेंशन जैसी बुनियादी सुविधाएं तक नहीं थीं। वह बीपीएल योजना के लाभ से भी वंचित थीं। खबर प्रकाशित होने के बाद प्रदेश के तत्कालीन राज्यपाल ने मामले का संज्ञान लेते हुए तत्कालीन उपायुक्त कुल्लू आशुतोष गर्ग को लूरमा देवी तक सभी मूलभूत सुविधाएं पहुंचाने के निर्देश दिए थे। प्रशासन ने तत्परता दिखाते हुए एक दिन के भीतर उनके घर तक बिजली और पानी की सुविधा पहुंचाई। इसके बाद उनका आधार कार्ड और मतदाता पहचान पत्र बनवाया गया। साथ ही उन्हें राशन, पेंशन और आवास योजना सहित अन्य सरकारी सुविधाओं का लाभ भी दिलाया गया। संवाद
अब सुरक्षित छत का इंतजार होगा खत्म
प्रशासनिक हस्तक्षेप से लूरमा देवी को जीवन की जरूरी सुविधाएं तो मिल गईं, लेकिन अपने मकान का सपना अब तक अधूरा था। करीब तीन साल पहले सामने आई उनकी पीड़ा एक बार फिर चर्चा में है। स्थानीय लोगों की पहल से अब मकान का निर्माण पूरा होने की उम्मीद जगी है। लंबे समय तक अभावों में जीवन बिताने वाली लूरमा देवी के लिए अपना पक्का आशियाना मिलना किसी बड़े सपने के पूरा होने से कम नहीं होगा।