. 2.20 करोड़ रुपये की मिली थी स्वीकृति, अभी तक 20 लाख से हुआ साइट डेवलपमेंट
विज्ञापन
. पुराने पंचायत भवन से चल रहा कामकाजए पार्षदों के बैठने तक की उचित व्यवस्था नहीं
राकेश बिनी शर्मा
निरमंड (कुल्लू)। नगर पंचायत निरमंड के गठन को पांच साल हो गए हैं, लेकिन अभी तक पंचायत को भवन नसीब नहीं हो पाया है। पूर्व भाजपा सरकार के कार्यकाल में शहरी विकास विभाग ने भवन के निर्माण के लिए 2.20 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी थी, लेकिन केवल 20 लाख रुपये खर्च कर साइट डेवलपमेंट का काम ही हो पाया है। हाल ही में लाडा के तहत 15 लाख रुपये की राशि स्वीकृत हुई है। बजट के अभाव में भवन निर्माण का काम आगे नहीं बढ़ पाया है। वर्ष 2020 में नगर पंचायत निरमंड का गठन किया गया था। इससे कस्बे के लोगों को क्षेत्र में शहरी सुविधाओं के विस्तार और विकास की उम्मीद जगी थी। वर्तमान में पुराने पंचायत भवन में ही कार्यालय चलाया जा रहा है। यहां पार्षदों और अधिकारियों के बैठने तक की उचित व्यवस्था नहीं है। नगर पंचायत में कुल सात वार्ड हैं। अपना भवन न होने से कार्यालय संचालन के साथ-साथ कचरा प्रबंधन और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़े कार्यों में भी दिक्कतें पेश आ रही हैं। नगर पंचायत भवन के निर्माण के लिए वर्ष 2021 में एसडीएम कार्यालय के समीप आठ बिस्वा भूमि का चयन किया गया था। इसके बाद भवन निर्माण के लिए 2.20 करोड़ रुपये की स्वीकृति मिली, लेकिन पर्याप्त बजट जारी न होने के कारण निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पाया। ऐसे में भवन का निर्माण कब पूरा होगा, इसे लेकर कस्बावासियों में चिंता बनी हुई है। संवाद
जल्द बजट जारी करने की मांग
निरमंड नगर पंचायत के निवासी जितेंद्र चौहान, निखिल, योगेश भार्गव, दुनी चंद, राहुल, हरि सिंह, संजीव कुमार और तिलक राज सहित अन्य लोगों ने प्रदेश सरकार और शहरी विकास विभाग से नगर पंचायत भवन के निर्माण के लिए जल्द बजट जारी करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि नगर पंचायत का अपना भवन न होने से कामकाज प्रभावित हो रहा है। ऐसे में सरकार को इस मामले में प्राथमिकता के आधार पर कदम उठाने चाहिए।
पूर्व सरकार के कार्यकाल में भवन निर्माण के लिए 2.20 करोड़ रुपये की स्वीकृति मिली थी, लेकिन सत्ता परिवर्तन के बाद से निर्माण कार्य के लिए कोई राशि जारी नहीं हुई है। इसके चलते पुराने पंचायत भवन से ही नगर पंचायत के कार्य निपटाए जा रहे हैं। मौजूदा भवन में पार्षदों और अधिकारियों के बैठने की भी उचित व्यवस्था नहीं है। पंचायत भवन के लिए प्रदेश सरकार से जल्द बजट जारी करे। - सपना शर्मा, अध्यक्ष, नगर पंचायत निरमंड