रामपुर उपमंडलाधिकारी ने एनजेपीसी झाकड़ी को कोष की मांग के लिए लिखा पत्र
वर्तमान में 62 छात्रों के मुकाबले छात्रावास में रह रहे 38 जनजातीय छात्र
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। जनजातीय बालक छात्रावास की तत्काल मरम्मत और रखरखाव के लिए 3,54,036 रुपये के कोष की मांग की गई है। उपमंडलाधिकारी रामपुर बुशहर ने एनजेएचपीसी (नीलम झेलम हाइड्रो पावर कंपनी) झाकड़ी को इस संबंध में एक पत्र लिखा है। यह राशि छात्रावास में रहने वाले छात्रों के लिए सुरक्षित और स्वच्छ वातावरण के लिए जरूरी है।
यह मांग जीबी पंत मेमोरियल सरकारी कॉलेज रामपुर बुशहर के प्राचार्य के 21 अगस्त को प्राप्त एक पत्र के संदर्भ में की गई है। छात्रावास में वर्तमान में 62 छात्रों की क्षमता के मुकाबले 38 जनजातीय छात्र रह रहे हैं। एनजेएचपीसी ने हाल ही में छात्रावास के रखरखाव कार्यों के लिए 13 लाख रुपये प्रदान किए थे। इसका उपयोग आवश्यक कार्यों को पूरा करने के लिए किया गया है। हालांकि, कार्य होने के बावजूद कुछ गंभीर मरम्मत की आवश्यकताएं अभी भी बनी हुई हैं।
इन आवश्यक मरम्मत कार्यों में संरचनात्मक और सिविल मरम्मत शामिल हैं। छत के रिसाव का उपचार और मरम्मत भी महत्वपूर्ण है। क्षतिग्रस्त प्लास्टर और पेंटिंग की मरम्मत करवाई जानी है। इसके अतिरिक्त आवश्यक स्वच्छता, शौचालय, प्लंबिंग और जल निकासी संबंधी कार्य भी शामिल हैं। लोक निर्माण विभाग ने इन सभी मरम्मत कार्यों के लिए 3,54,036 रुपये का अनुमान राशि तैयार किया गया है। उपमंडलाधिकारी ने छात्रावास में रहने वाले जनजातीय छात्रों के कल्याण और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह अनुरोध किया है। उन्होंने एनजेएचपीसी से जल्द वित्तीय सहायता स्वीकृत करने का आग्रह किया है।