रामपुर में बुशहर प्रीमियर लीग का शुभारंभ करते एसडीएम हर्ष अमरेंद्र सिंह। संवाद
एसडीएम हर्ष अमरेंद्र सिंह ने किया क्रिकेट प्रतियोगिता का शुभारंभ
खराब मौसम बना बाधा, मैच बुधवार तक स्थगित, मौसम साफ होने के बाद होंगे शुरू
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। रामपुर में बीपीएल (बुशहर प्रीमियर लीग) को मंगलवार को शुभारंभ हो गया है। सोमवार देर शाम रामपुर कॉलेज सभागार में एसडीएम हर्ष अमरेंद्र सिंह ने क्रिकेट प्रतियोगिता का शुभारंभ किया।बुशहर स्वास्तिक सोसायटी रामपुर की ओर से पाटबंगला मैदान में बुशहर प्रीमियर लीग का आयोजन किया जा रहा है। सोसायटी के अध्यक्ष पवन चौहान ने मुख्य अतिथियों का स्वागत किया और उन्हें स्मृति चिह्न भेंट किए। मंगलवार से बीपीएल के मैच शुरू होने थे, लेकिन बारिश की वजह से नहीं हुए। अध्यक्ष पवन चौहान ने कहा कि बुधवार के मैच भी स्थगित कर दिए गए हैं। मौसम खुलते ही प्रतियोगिता के मुकाबले खेले जाएंगे। चौहान ने कहा कि प्रतियोगिता में आठ टीमें भाग ले रही हैं। यह पहला मौका है, जब रामपुर में भी आईपीएल की तर्ज पर बीपीएल प्रतियोगिता करवाई जा रही है। प्रतियोगिता का उद्देश्य ग्रामीण युवाओं को खेलों से जोड़ना है ताकि वे नशे से दूर रहकर खेलों में आगे बढ़ें। मुख्यातिथि हर्ष अमरेंद्र सिंह ने सभी टीमों की जर्सी (किट) का अनावरण कर प्रतियोगिता की औपचारिक शुरुआत की। उन्होंने प्रतियोगिता के आयोजन के लिए सोसायटी को बधाई दी और कहा कि क्षेत्र की समस्याओं और रोजगार के अवसर खोजने के लिए सोसायटी सराहनीय काम कर रही है। शुभारंभ पर लोक गायक अशोक पालसरा और रोहिणी डोगरा ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से खिलाड़ियों और दर्शकों को झूमने पर मजबूर किया। उन्होंने एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियों से वाहवाही बटोरी।