संवाद न्यूज एजेंसी
आनी(कुल्लू)। विकास खंड आनी की देउठी पंचायत के धार गांव में दो दिवसीय मिनी दशहरा उत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया। उत्सव में महिला मंडल धार, कुटवा और मेहमान देवलुओं की चोला कलगी महानाटी ने लोगों का मन मोह लिया। पारंपरिक वेशभूषा और ढोल-नगाड़ों की थाप पर नाटी ने पूरे माहौल को देवमयी बना दिया। रात्रि कार्यक्रम में युवक मंडल ने नाटक और नृत्य प्रस्तुतियां दीं। वहीं, महिला मंडल की नाटी ने भी अपनी प्रस्तुति से दर्शकों को खूब झुमाया। स्थानीय कलाकार सतीश आनंद जुगनू, विक्की, ज्योति सुमन, टिकम कश्यप, प्रिया कश्यप, रणवीर और संदीप आदि ने शानदार प्रस्तुतियां देकर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। स्टार नाइट डाबे राम कुलवी के नाम रही। कार्यक्रम में किशोरी लाल बतौर मुख्यातिथि मौजूद रहे। इस मौके पर देवराज, तारा चंद, संजू मार्कंडेय सहित अन्य मौजूद रहे।
धार गांव में आयोजित मिनी दशहरा उत्सव के समापन पर मौजूद मुख्यातिथि और अन्य। स्रोत : मेला समिति