पांच दिन पहाड़ी क्षेत्रों में बोल्डरिंग स्केल लाइन और रॉक क्लाइमिंग का उठाएंगे लुत्फ
ऑस्ट्रिया के बर्न जांगलर के 15 साल के गहन अध्ययन के बाद स्थानीय युवाओं की मदद से हो रहा महोत्सव
संवाद न्यूज एजेंसी
सांगला(किन्नौर)।
किन्नौर के सीमांत क्षेत्र रकछम की पहाड़ियों पर पर्वतारोहण का रोमांच शुरू हो गया है। बुधवार को रकछम में पांच दिवसीय बोल्डरिंग महोत्सव का शुभारंभ हुआ। पांच दिन तक यहां साहसिक खेलों का दौर चलेगा। इस महोत्सव में देश-विदेश के 40 पेशेवर पर्वतारोही भाग ले रहे हैं। किन्नौर के प्रमुख पर्यटन स्थल रकछम में माउंट ट्रेनिंग एंड एडवेंचर क्लब और ऑस्ट्रिया के बर्न जांगलर के संयुक्त तत्वाधान में महोत्सव शुरू हुआ। जिले में पहली बार आयोजित होने वाली इस विशेष महोत्सव में देश की राजधानी दिल्ली, हैदराबाद, बंगलूरू, पुणे सहित स्विट्जरलैंड, ऑस्ट्रिया, जर्मनी, बेल्जियम, नीदरलैंड, साउथ अफ्रीका, इंग्लैंड, इटली और कजाकिस्तान से पेशेवर पर्वतारोही भाग ले रहे हैं। ये प्रतिभागी अगले पांच दिन तक रकछम के विभिन्न पहाड़ी क्षेत्रों में बोल्डरिंग स्केल लाइन और रॉक क्लाइमिंग का लुत्फ उठाएंगे। रकछम माउंट ट्रेनिंग एंड एडवेंचर क्लब के अध्यक्ष नरेंद्र नेगी, उपाध्यक्ष नंदकिशोर नेगी ने कहा कि ऑस्ट्रिया के बर्न जांगलर ने 15 साल गहन अध्ययन किया। इसके बाद रकछम गांव के स्थानीय युवाओं के साथ अच्छा तालमेल स्थापित करने के बाद पहली बार इस विशेष महोत्सव को शुरू किया जा रहा है। इस तरह के उत्सव से साहसिक खेलों को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय पर्यटन को पंख लगेंगे। बेरोजगार युवाओं को रोजगार के अवसर भी प्राप्त होंगे। साहसिक खेलों को बढ़ावा मिलने से स्थानीय युवा नशे की कुरीति से दूर रहकर अपनी आर्थिकी को सशक्त कर सकेंगे। महोत्सव के पहले दिन देश विदेश से पहुंचे विभिन्न प्रशिक्षित प्रतिभागियों ने प्रकृति के खूबसूरती के नजारों के बीच साहसिक खेल गतिविधियों का लुत्फ उठाया। 17 अक्तूबर शुक्रवार को महोत्सव के तीसरे दिन एसपी किन्नौर अभिषेक एस और जिला पर्यटन अधिकारी अमित कल्थाईक बतौर मुख्यातिथि मौजूद रहेंगे। इस दौरान मुख्यातिथि रकछम बोल्डरिंग गाइड बुक का विमोचन भी करेंगे। इस मौके पर रकछम माउंट ट्रेनिंग एंड एडवेंचर क्लब के सचिव मनीष नेगी, दीपक नेगी, अभिषेक नेगी, नीरज नेगी, हरदेव नेगी, सुमित नेगी अन्य मौजूद रहे।