सोमवार को नदी में तैरते वक्त पेश आया था हादसा
संवाद न्यूज एजेंसी
सांगला (किन्नौर)। किन्नौर के किल्बा स्थित दाखोदेन में सतलुज नदी में डूबे 14 वर्षीय किशोर का शव मिल गया है। रेस्क्यू दल को मंगलवार सुबह 10 बजे किशोर का शव बरामद हुआ। पुलिस ने शव को परिजनों को सौंप दिया है। किल्बा के रेता खान के नजदीक दाखोदेन में सोमवार को नेपाल मूल के पांच किशोर सतलुज नदी में नहा रहे थे। दोपहर करीब 2:30 बजे 14 वर्षीय विकास नदी में डूब गया था। परिजनों ने हादसे के सूचना पुलिस को दी। इसके बाद लापता की तलाश में क्यूआरटी टीम, जेएसडब्ल्यू, पुलिस थाना सांगला और पुलिस चौकी कड़छम के जवान जुट गए। सोमवार को देर शाम तक चले सर्च ऑपरेशन में लापता का कोई सुराग नहीं लगा। वहीं, मंगलवार सुबह किशोर की तलाश के लिए सतलुज नदी में सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। करीब 13 घंटे बाद रेस्क्यू दल ने नदी में डूबे लड़के को ढूंढ निकाला और नदी से उसका शव बाहर निकाला। पुलिस अधीक्षक किन्नौर सुशील कुमार शर्मा ने बताया कि सतलुज नदी में डूबे लड़के का शव बरामद हुआ है। शव को परिजनों के सुपुर्द कर दिया है।