मतदान सहभागिता और जागरूकता बढ़ाने के लिए बधाल की बीएलओ सविता को मिला राज्य स्तरीय पुरस्कार। स्र
.राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने सर्वश्रेष्ठ बूथ लेवल अधिकारी के पुरस्कार से किया सम्मानित
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। मतदान के लिए अधिक से अधिक मतदाताओं की सहभागिता सुनिश्चित करने और मतदान जागरूकता में उत्कृष्ट कार्य करने पर बधाल स्कूल की डीएम सविता को राज्य स्तरीय सम्मान प्राप्त हुआ है। राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने सविता को सर्वश्रेष्ठ बीएलओ के पुरस्कार से सम्मानित किया है। उपमंडल रामपुर की वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बधाल में डीएम के पद पर तैनात बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) सविता को राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर उत्कृष्ट सेवाओं के लिए सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें वर्ष 2025-26 के दौरान नए मतदाताओं के फॉर्म-6 सर्वाधिक संख्या में भरवाने के लिए प्रदान किया गया। बीएलओ सविता ने अपने बूथ क्षेत्र में युवाओं और पात्र नागरिकों को मतदान के प्रति जागरूक करते हुए रिकॉर्ड स्तर पर नए मतदाताओं का पंजीकरण सुनिश्चित किया। उनके प्रभावी और समर्पित कार्य के परिणामस्वरूप मतदाता सूची में अधिकतम नए नाम जोड़े गए। उनकी उल्लेखनीय उपलब्धि के लिए उन्हें सर्वश्रेष्ठ बूथ लेवल अधिकारी का सम्मान प्राप्त हुआ है। राज्य स्तरीय समारोह में राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने सविता को सम्मानित करते हुए कहा कि बूथ लेवल अधिकारी लोकतंत्र की रीढ़ होते हैं और उनका सक्रिय योगदान चुनावी प्रक्रिया को मजबूत बनाता है। उन्होंने सविता के समर्पण और कार्यशैली को अन्य कर्मचारियों के लिए प्रेरणास्रोत बताया।