भाजपा ने सरपारा क्षेत्र का किया दौरा, ग्रामीणों ने सुनाईं समस्याएं
विज्ञापन
छह माह से बस सेवा ठप, कछुआ गति से हो रहा डंगे का कार्य संवाद न्यूज एजेंसी रामपुर बुशहर।
रामपुर उपमंडल की दुर्गम 15/20 वैली आपदा से उभर नहीं पा रही है। परिवहन व्यवस्था चरमराई हुई है और क्षेत्र के ग्रामीणों की दुश्वारियां बरकरार हैं, जबकि प्रदेश की कांग्रेस सरकार तीन साल का जश्न मना रही है। भाजपा नेता कौल सिंह नेगी ने जारी बयान में यह बात कही। उन्होंने कहा कि दुर्गम क्षेत्र सरपारा का दौरा कर लोगों से मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनीं। एक तरफ सरकार और उनके नुमाइंदे तीन साल की नाकामी का जश्न मनाने में व्यस्त हैं, वहीं सरकार की उदासीनता की वजह से लोग अभी भी परेशानी झेलने को मजबूर हैं। कौल सिंह ने कहा कि सरकार, प्रशासन और लोक निर्माण विभाग की नाकामी के चलते सरपारा सड़क पर आपदा से ध्वस्त हुए एक हिस्से में कछुआ चाल से डंगा लगाने का काम किया जा रहा है। इस कारण यहां छह महीने से ग्रामीणों को बस सुविधा नहीं मिल पा रही है। लोगों को आवाजाही करने के लिए परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोगों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है। लोगों में सरकार और विभाग के प्रति भारी रोष है। नेगी ने सरकार और विभाग से आग्रह किया है कि इस सड़क पर युद्धस्तर पर डंगा निर्माण का कार्य पूरा किया जाए। लोगों की समस्याओं का जल्द समाधान कर राहत प्रदान करें। चेताते हुए कहा कि यदि सरकार ने शीघ्र कोई ठोस कदम नहीं उठाया तो आंदोलन किया जाएगा।
सरपारा में भाजपा नेता कौल सिंह नेगी को समस्याएं बताते ग्रामीण। स्रोत : भाजपा