18 नवंबर तक देशभर में होंगे कार्यक्रम, महासू जिले में रक्तदान शिविर और सफाई अभियान सहित सामाजिक गतिविधियां होंगी आयोजित
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी 18 नवंबर तक देशभर में जनजातीय गौरव सप्ताह मनाएगी। इस दौरान जनजाति बहुल जिलों, विधानसभा क्षेत्रों और मंडलों में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। भाजपा एसटी मोर्चा के प्रदेश मीडिया सह प्रभारी सुनील कुमार नेगी और संगठनात्मक जिला महासू के महामंत्री दलीप नेगी ने यह जानकारी दी। 15 नवंबर को रामपुर में भी कार्यक्रम धूमधाम से मनाया जाएगा। उन्होंने बताया कि 15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती देशभर में जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाई जाएगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के मार्गदर्शन में आयोजित इस अभियान का उद्देश्य जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास, संस्कृति, परंपराओं और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को जन-जन तक पहुंचाना है। इसी कड़ी में भाजपा एसटी मोर्चा संगठनात्मक जिला महासू में भी विशेष कार्यक्रम आयोजित करेगा। इसके तहत रक्तदान शिविर, सफाई अभियान और अन्य सामाजिक गतिविधियां होंगी। इन कार्यक्रमों के माध्यम से भगवान बिरसा मुंडा सहित जनजातीय स्वतंत्रता सेनानियों और महापुरुषों के संघर्ष, बलिदान सहित राष्ट्र के प्रति समर्पण को याद किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कार्यक्रमों में जनजातीय समाज के सामाजिक, आर्थिक और शैक्षणिक सशक्तीकरण के लिए केंद्र सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी भी दी जाएगी। साथ ही जनजातीय समाज से जुड़े मुद्दों पर विपक्ष के आरोपों और दावों का तथ्यों के आधार पर जवाब जनता के सामने रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि जनजातीय समाज का सम्मान, अधिकारों की रक्षा और सर्वांगीण विकास भाजपा की प्रतिबद्धता है। भगवान बिरसा मुंडा का त्याग, संघर्ष और राष्ट्रभक्ति सदैव प्रेरणा देते रहेंगे।