बाढ़ प्रभावितों को दर्द जाना और हरसंभव मदद का दिया आश्वासन
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने रामपुर क्षेत्र के बाढ़ प्रभावित गानवीं का दौरा किया। उन्होंने बाढ़ पीड़ितों से मुलाकात की और हरसंभव मदद का आश्वासन दिया।
उन्होंने कहा कि बाढ़ वाली मध्य रात्रि में बड़े-बड़े पेड़ों के साथ हजारों टन मलबा गानवी खड्ड में आ गया और 6 पक्के मकान मलबे के साथ बह गए और उनका नामो निशान भी नहीं बचा। जहां ये मकान बने थे, वहां अब बड़ी-बड़ी चट्टाने हैं और कल्पना भी नहीं की जा सकती कि यहां कभी मकान भी रहे होंगे। गनीमत रही कि गानवी पावर प्रोजेक्ट में बार-बार सायरन बजाया गया और सभी लोग घर छोड़कर पहाड़ी पर भाग गए और सभी की जानें बच गईं। एक परिवार जिसमें बेटी की शादी की तैयारियां चल रही थीं, खुशियों का माहौल था, इस घटना से सब कुछ मिनटों में तबाह हो गया। शादी के लिए खरीदा गया सारा साजो-सामान, सोना, चांदी और कपड़े आदि सब पानी के साथ बह गए।
वहीं उन्होंने निरमंड के बागीपुल का दौरा किया और प्रभावितों को हाल पूछने पहुंचे। कहा कि यहां की तबाही का मंजर भी दिल दहलाने वाला है। 8 मकान जमींदोज हो गए और कुछ भी शेष नहीं रहा। कहा कि समेज, गानवी, बागीपुल और केदस में भारी तबाही हुई है। इसकी भरपाई नामुमकिन है।