निरमंड में सड़कों की खस्ता हालत को लेकर भाजपा कार्यकर्ता मुख्यमंत्री का पुतला फूंकते हुए। संवाद
मुख्यमंत्री सुक्खू का फूंका पूतला, सड़कों की मरम्मत और टारिंग की उठाई मांग
विधायक लोकेंद्र कुमार ने प्रदेश सरकार पर लगाए अनदेखी के आरोप
संवाद न्यूज़ एजेंसी
निरमंड (कुल्लू)। उपमंडल निरमंड में सड़कों की खस्ता हालत के विरोध में भाजपा ने धरना-प्रदर्शन कर करीब एक घंटे तक चक्का जाम रखा। इससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। प्रदर्शन के दौरान मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू का पुतला फूंककर कांग्रेस सरकार के खिलाफ रोष जताया गया।
प्रदर्शन में विधायक लोकेंद्र कुमार ने कांग्रेस सरकार को घेरते हुए कहा कि निरमंड उपमंडल की सड़कें पिछले दो वर्षों से बदहाल हैं। जगह-जगह गड्ढे होने और समय पर मरम्मत और टारिंग न होने से ग्रामीणों और वाहन चालकों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि खराब सड़कों के कारण लोगों को अस्पताल पहुंचने, जरूरी सामान लाने-ले जाने और रोजमर्रा के कार्यों में भी परेशानी हो रही है।
विधायक ने बागीपुल-जाओं, ठारला-सगोफा, कांडा-कतमोर, टिकरी कैंची-चुनागई, शिल-जुआगी, धनुधार-तवार-पुजारली, सिरकटी-कथांडा, अरसू-ठारला, बॉयल-कोयल, पजेंडा-ईश्वा-शमानी और शरशाह-मरगी सड़कों की बदहाली का मुद्दा उठाया। उन्होंने विभाग से सड़कों का निरीक्षण कर प्राथमिकता के आधार पर मरम्मत और टारिंग का काम जल्द शुरू करने की मांग की। भाजपा ने चेतावनी दी कि यदि सड़कों की हालत सुधारने के लिए जल्द प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो आंदोलन तेज किया जाएगा।