हिमाचल प्रदेश में रामपुर के भाजपा नेता और विधानसभा चुनाव में भाजपा प्रत्याशी रहे कौल सिंह को बड़ा झटका लगा है। रामपुर तहसीलदार की ओर से 16 अगस्त 2022 को जारी किए गए उनके अनुसूचित जाति (SC) प्रमाणपत्र को उपमंडलाधिकारी (नागरिक) रामपुर ने रद्द कर दिया है। एसडीएम एवं अपीलीय प्राधिकारी हर्ष अमरेंद्र सिंह ने इस मामले में दायर अपील को स्वीकार करते हुए तहसीलदार रामपुर के 29 अक्तूबर 2022 के आदेश को भी निरस्त कर दिया है। अपीलीय प्राधिकारी ने यह फैसला 12 अक्तूबर को सुनाया था।
शिकायतकर्ता ने प्रमाणपत्र जारी करने की प्रक्रिया पर उठाए सवाल
मामले के अनुसार, रामपुर तहसील के मझेवली निवासी प्रीतम देव ने कौल सिंह को जारी अनुसूचित जाति प्रमाणपत्र को चुनौती दी थी। शिकायतकर्ता ने प्रमाणपत्र जारी करने वाले अधिकारी के अधिकार क्षेत्र, राजस्व रिकॉर्ड में दर्ज जाति और प्रमाणपत्र जारी करने की प्रक्रिया पर सवाल उठाए थे। अपीलकर्ता की ओर से दलील दी गई कि कौल सिंह और उनके पिता के पास पहले से अनुसूचित जनजाति (ST) के प्रमाणपत्र मौजूद हैं। वहीं, राजस्व रिकॉर्ड में परिवार की जाति का उल्लेख किन्नौरा कोली के रूप में दर्ज है, जबकि हिमाचल प्रदेश की अधिसूचित अनुसूचित जाति सूची में कोली समुदाय का अलग उल्लेख है। इसी आधार पर एक ही व्यक्ति के पास अनुसूचित जनजाति और अनुसूचित जाति के प्रमाणपत्र होने तथा राजस्व रिकॉर्ड में जाति संबंधी अलग-अलग प्रविष्टियों को लेकर आपत्ति जताई गई थी।
किन्नौर के निवासी को रामपुर से प्रमाणपत्र जारी करने पर सवाल
अपील में यह भी सवाल उठाया गया कि कौल सिंह का स्थायी निवास जिला किन्नौर के ननस्पो में होने के बावजूद रामपुर तहसील से अनुसूचित जाति प्रमाणपत्र कैसे जारी किया गया। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि प्रमाणपत्र जारी करने से पहले किन्नौर के राजस्व रिकॉर्ड और संबंधित अधिकारियों से आवश्यक सत्यापन नहीं करवाया गया।
हाईकोर्ट के आदेश के बाद तहसीलदार ने प्रमाणपत्र को माना था वैध
इस मामले में पहले हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट में भी याचिका दायर की गई थी। हाईकोर्ट ने 28 अक्तूबर 2022 को तहसीलदार रामपुर को दोनों पक्षों को सुनवाई का अवसर देकर मामले पर दोबारा निर्णय लेने के निर्देश दिए थे। इसके बाद तहसीलदार रामपुर ने 29 अक्तूबर 2022 को आदेश जारी कर पहले से जारी अनुसूचित जाति प्रमाणपत्र को सही और वैध माना था। इस आदेश से असंतुष्ट प्रीतम देव ने एसडीएम रामपुर के समक्ष अपील दायर की थी।
एसडीएम ने प्रक्रिया और अधिकार क्षेत्र में पाई खामियां
अपील पर सुनवाई के दौरान एसडीएम ने पाया कि प्रमाणपत्र जारी करते समय निर्धारित नियमों और प्रशासनिक निर्देशों का उचित पालन नहीं किया गया। आदेश के अनुसार, संबंधित व्यक्ति के स्थायी निवास, राजस्व रिकॉर्ड और प्रमाणपत्र जारी करने वाले अधिकारी के अधिकार क्षेत्र से जुड़े महत्वपूर्ण तथ्यों की पर्याप्त जांच नहीं हुई थी। इसके अलावा अपीलकर्ता की आपत्तियों पर भी उचित तरीके से विचार नहीं किया गया और सुनवाई की प्रक्रिया निष्पक्ष नहीं रही।