कोटखाई नगर पंचायत में भाजपा समर्थित अध्यक्ष व उपाध्यक्ष बनने पर जश्न मनाते हुए। संवाद
सात पार्षदों में से पांच ने निर्विरोध अध्यक्ष और उपाध्यक्ष बनाने का दावा किया पेश
संवाद न्यूज एजेंसी
कोटखाई (रोहड़ू)। नगर पंचायत कोटखाई में भाजपा ने अपना कब्जा जमा लिया है। बुधवार को हुए चुनाव में भाजपा समर्थित राजेश चौहान को अध्यक्ष और कल्पना नंदा को उपाध्यक्ष चुना गया है। इस जीत के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने जश्न मनाया। नगर पंचायत के चुनाव पिछले एक महीने से लंबित थे। बुधवार को एसडीएम गुरमीत नेगी की अध्यक्षता में चुनाव प्रक्रिया आयोजित हुई। सात पार्षदों में से पांच ने निर्विरोध अध्यक्ष और उपाध्यक्ष बनाने का दावा पेश किया। सभी पार्षदों ने राजेश चौहान को अध्यक्ष और कल्पना नंदा को उपाध्यक्ष चुना। इसके बाद एसडीएम ने दोनों को शपथ दिलाई। भाजपा कार्यकर्ताओं ने मिठाइयां बांटकर जीत का जश्न मनाया और कोटखाई बाजार में विजय रैली भी निकाली। भाजपा नेता चेतन बरागटा ने कहा कि कोटखाई की जनता ने विकास, पारदर्शिता और जनहित की राजनीति पर विश्वास जताया है। उन्होंने कहा कि यह जीत भाजपा के प्रत्येक कार्यकर्ता की मेहनत और जनता के समर्थन का प्रतीक है। बरागटा ने विश्वास दिलाया कि नगर पंचायत का नया नेतृत्व जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देगा और कोटखाई के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेगा।