लूहरी-करसोग सडक़ पर दुर्घटनाग्रस्त हुई मोटर साइकिल। स्रोत : जागरूक पाठक
रविवार सुबह हुआ हादसा, आनी पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंपा
संवाद न्यूज एजेंसी
आनी (कुल्लू)। लूहरी-करसोग सड़क पर हनुमान मंदिर के पास रविवार सुबह एक बाइक सड़क से बेहना खड्ड में जा गिरी। बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस मामला दर्ज कर हादसे की छानबीन में जुटी हुई है। बाइक को मंडी जिला के करसोग, गांव बनेरा निवासी 25 वर्षीय जितेंद्र कुमार पुत्र हेमा राम चला रहा था। हादसे में युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचित किया। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को खड्ड से निकाला। इसके बाद पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल आनी भेजा गया। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया है। इस घटना से मृतक के परिवार में शोक की लहर है। वहीं, पूरे क्षेत्र में भी इस हादसे को लेकर गहरा दुख व्याप्त है। डीएसपी आनी राजीव मेहता ने बताया कि मामले में कार्रवाई की जा रही है।