संवाद न्यूज एजेंसी
आनी (कुल्लू) । अंबिका माता निरमंड के कारदार पुष्पेंद्र शर्मा ने जारी एक प्रेस बयान में कहा कि कुछ लोग सोशल मीडिया के जरिये निरमंड में भूंडा यज्ञ को लेकर झूठा प्रचार कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि निरमंड में भूंडा यज्ञ को लेकर न तो कमेटी की कोई बैठक हुई है और न ही कोई जानकारी किसी को साझा की गई है। बूढ़ी दिवाली के समय निरमंड में कोट देवता ने भूंडा यज्ञ करवाने को लेकर बात की थी, लेकिन निरमंड का भूंडा यज्ञ माता अंबिका के आदेशों के बाद ही होता है। निरमंड की देव संस्कृति बहुत ऐतिहासिक और प्राचीन है, इसलिए माता अंबिका की आज्ञा के बिना कोई भी कार्य नहीं किया जाता है। उन्होंने लोगों से झूठी अफवाहें न फैलाने की अपील की है।