आनी (कुल्लू)। आनी खंड के प्रसिद्ध देहुरी स्थित माता पछला मंदिर में शुक्रवार को नौ दिवसीय देवी भागवत पुराण कथा का शुभारंभ हुआ। महिलाओं ने पारंपरिक वेशभूषा में सजधज कर संस्कृति संजोने का संदेश दिया। प्रत्येक रात्रि आनी क्षेत्र के विभिन्न महिला मंडल की महिलाएं भजन-कीर्तन कर समा बांधेगी। देहुरी नाग के सानिध्य में आयोजित कलश यात्रा में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भाग लिया। पूरा क्षेत्र माता के जयकारों, भजनों और धार्मिक वातावरण से गूंज उठा, जिससे श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। मंदिर कमेटी के कारदार ईश्वर दास ने बताया कि इस नौ दिवसीय कथा में करसोग के प्रसिद्ध कथावाचक आचार्य शशांक कृष्ण कौशल की ओर से देवी भागवत पुराण का विस्तृत वाचन किया जाएगा। मीडिया प्रभारी रवि कांत शास्त्री और मंदिर पुजारी मुकेश शर्मा ने बताया कि कथा के दौरान प्रतिदिन भंडारे का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम के अंतिम दिन विशेष आकर्षण के रूप में क्षेत्र के छह देवी-देवताओं को आमंत्रित किया गया है, जिससे समापन समारोह और भी भव्य एवं श्रद्धापूर्ण होगा। आयोजन को सफल बनाने के लिए मंदिर कमेटी और भागवत कमेटी के सदस्य सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं। इस अवसर पर मंदिर कमेटी के अध्यक्ष बालकृष्ण, भागवत कमेटी के अध्यक्ष संतोष कुमार, सचिव पूर्ण शर्मा सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।