कुमारसैन (रामपुर बुशहर)। चैत्र शुक्ल प्रतिपदा के पावन अवसर पर कुमारसैन में भारतीय नववर्ष का उत्सव मनाया गया। सरस्वती विद्या मंदिर स्कूल कुमारसैन के विद्यार्थियों ने भव्य शोभायात्रा निकाली। यह शोभायात्रा कुमारसैन के मुख्य बाजार से होते हुए विद्यालय परिसर में संपन्न हुई। विद्यार्थियों ने पारंपरिक वेशभूषा में शोभायात्रा में भाग लिया। कोई देवी-देवताओं के रूप में सुसज्जित नजर आया, तो कोई लोक संस्कृति को प्रदर्शित करता दिखा। प्रधानाचार्य यशवंत भारद्वाज ने कहा कि भारतीय नववर्ष प्रतिपदा हमारी समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा का प्रतीक है। इस प्रकार के आयोजनों का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को अपनी जड़ों से जोड़ना और उनमें नैतिक मूल्यों, अनुशासन और देशभक्ति की भावना का विकास करना है।