रंगोरी गांव के लच्छी राम और यूपी महिला की महिला जीना देवी पर हमला किया
भालू के हमले से घायलों को फर्स्ट एड के बाद रामपुर के खनेरी अस्पताल में किया रेफर
ज्यूरी(रामपुर बुशहर) । रामपुर ब्लॉक के रंगोरी गांव के पास भालू ने दो लोगों पर हमला कर लहूलुहान कर दिया है। भालू के हमले से घायलों को पहले सीएचसी सराहन लाया गया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद उन्हें रामपुर के खनेरी अस्पताल रेफर किया गया। जानकारी के मुताबिक, सोमवार को सुबह साढ़े दस बजे के करीब रंगोरी स्कूल के आसपास भालू ने रंगोरी के लच्छी राम उम्र 75 साल और वहीं से थोड़ी दूरी पर एक महिला जीना देवी उम्र 32 साल यूपी पर हमला किया। भालू के हमले के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है। दोनों घायल लोगों की ओर से सराहन पुलिस चौकी में मामला दर्ज किया गया है। सूचना मिलने के बाद आरओ सराहन अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। घटना स्थल पर उनके साथ रामपुर बीडीसी के अध्यक्ष आशीष कायथ और स्थानीय पंचायत के प्रधान महेंद्र भी मौके पर पहुंचे। आरओ सराहन कुंदन नेगी ने बताया कि उन्होंने टीम के साथ मौके का दौरा किया। उसके बाद अस्पताल में भी घायलों से मिले। घायलों को रामपुर के खनेरी अस्पताल रेफर किया गया है। उन्होंने बताया भालू बच्चे वाली होने के कारण हिंसक हो जाते हैं, परंतु भालू को पिंजरे में पकड़ना मुश्किल काम है। उन्होंने सभी लोगों से सतर्क रहने को आह्वान किया।