रामपुर बुशहर। उपमंडल रामपुर के शाहधार पंचायत में भालू ने रविवार शाम पांच बजे की करीब एक बुजुर्ग पर हमला करके उसे नोच डाला। बुजुर्ग के चिल्लाने पर क्षेत्र के लोग इकट्ठा हुए और भालू वहां से भाग गया।
शाहधार निवासी हिम्मत सिंह देर शाम गोशाला जा रहा था। इस बीच भालू ने उस पर हमला कर दिया। इस दौरान हिम्मत सिंह ने चिल्लाना शुरू कर दिया। उसकी चीख सुनकर लोग उसे बचाने आ गए। लोगों को देखकर भालू वहां से भाग गया। लोगों ने बुजुर्ग को महात्मा गांधी खनेरी अस्पताल पहुंचाया जहां पर उनका इलाज चल रहा है। बुजुर्ग अब खतरे से बाहर है।
शाहधार पंचायत की प्रधान सुमन बिष्ठ ने बताया कि भालू ने उजाले में ही बुजुर्ग पर हमला किया है। इससे क्षेत्र के लोगों में डर का माहौल है। उन्होंने वन विभाग से मांग की कि जल्द से जल्द भालू को पकड़ा जाए ताकि लोगों को परेशानी न हो। उजाले में भालू द्वारा हमला करना खतरे से खाली नहीं है।