ज्यूरी (रामपुर बुशहर)। रामपुर उपमंडल के दुर्गम क्षेत्र की चंडी-ब्रांडा सड़क को बरसात ने खस्ताहाल कर दिया है। मंगलू बाजार से चंडी तक सड़क के डंगे करीब चार जगह गिर गए हैं। इसके चलते बस सेवा पूरी तरह ठप पड़ी हुई है। वहीं, छोटे वाहन चालकों को भी जान जोखिम में डाल कर सड़क पार करनी पड़ रही है। क्षेत्रवासियों में विभाग के प्रति रोष है।
यहां के बाशिंदों को जहां बस सुविधा से महरूम रहना पड़ रहा है वहीं, अब सेब सीजन भी शुरू होने वाला है। ऐसे में बागवानों को सेब की फसल को मंडियों तक पहुंचाने की चिंता सताने लगी है। हालांकि, चंडी-ब्रांडा जगोरी क्षेत्र में सेब का सीजन शुरू हो चुका है। सेब से लदे छोटे वाहन चालकों के लिए क्षतिग्रस्त सड़क पर आवाजाही करना किसी खतरे से खाली नहीं है। सरकार की ओर से इस सड़क पर करोड़ों की राशि खर्च करने के बावजूद सड़क के पक्का होने से पहले ही चार जगह से सड़क धंस चुकी है। इसके चलते लोगों को सड़क का लाभ नहीं मिल पा रहा है।
महिला मोर्चा सचिव कृष्णा मुखिया, पूर्व प्रधान राजेंद्र, युवक मंडल सचिव राजेंद्र, संजीव, यशपाल और गोपाल सहित क्षेत्र के कई अन्य लोगों ने लोक निर्माण विभाग से मांग की है कि टूटी सड़क को जल्द दुरुस्त करवाया जाए। साथ ही बंद बस सेवा को भी जल्द बहाल किया जाए।
उधर, लोक निर्माण विभाग एसडीओ निवेदिता नेगी ने बताया कि क्षतिग्रस्त सड़क को दुरुस्त करवाने के लिए ठेकेदारों को कार्य दिया गया है।