ठियोग से 35 यात्रियों का दल बाबा बालक नाथ के लिए रवाना28 यात्री पाँच दिनों तक करेंगे पैदल य
संवाद न्यूज एजेंसी
ठियोग (रामपुर बुशहर)। ठियोग नगर की युवा संस्था रिद्म बायज की अगुवाई में 35 युवाओं का पैदल यात्रा दल सोमवार को बाबा बालक नाथ दियोटसिद्ध के लिए रवाना हो गया। युवाओं की यह 13वीं पैदल यात्रा है। संस्था के अध्यक्ष विनीत सूद ने बताया कि यह यात्रा दल के दिवंगत सहयात्री नीटू खाची को समर्पित है। यात्रा शिमला शहर से होते हुए पहले पड़ाव घंडल में रुकेगी। यात्रा के दौरान दल पांच रात्रि पड़ावों के बाद शनिवार को बाबा बालक नाथ मंदिर में दर्शन करेंगे। यह सभी युवा प्रति वर्ष कई रोमांचक यात्राएं करते रहे हैं। कई युवा प्रति वर्ष श्रीखंड महादेव, किन्नौर कैलाश और मणिमहेश परिक्रमा जरूर करते हैं। इसके अलावा उत्तराखंड के आदि कैलाश और चीन के कैलाश मानसरोवर की यात्रा भी की जा चुकी है। यात्रा के अंतिम दिन ठियोग से वाहनों में सौ से अधिक अन्य साथी भी यात्रा में शामिल होंगे। संस्था का मेडिकल वाहन पैदल यात्रियों के साथ चलता है। इस यात्रा में दूसरा पड़ाव दाडला मोड़, तीसरा पड़ाव ऋषि मार्कंडेय स्थान, चौथा पड़ाव बरठी और पांचवा पड़ाव शाहतलाई रहेगा।