नाथपा झाकड़ी हाइड्रो पावर स्टेशन में विश्व पर्यावरण दिवस पर किया जागरूक
परियोजना प्रमुख राजीव कपूर ने पर्यावरण संरक्षण के लिए पौधरोपण करने का दिया संदेश
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। भारत सरकार और निगम कार्यालय के निर्देशानुसार नाथपा झाकड़ी पावर स्टेशन में परियोजना प्रमुख राजीव कपूर के नेतृत्व में विश्व पर्यावरण दिवस मनाया गया। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई। परियोजना के अधिकारियों, कर्मचारियों, उनके बच्चों और प्रशिक्षुओं में नारा लेखन, पोस्टर मेकिंग, फोटोग्राफी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसके अलावा हिमाचल प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के साथ मिलकर परियोजना ने वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला ज्यूरी में भी विश्व पर्यावरण दिवस मनाया। स्कूली बच्चों ने स्कूल से लेकर ज्यूरी बाजार तक पर्यावरण संरक्षण पर जागरूकता रैली निकाली। परियोजना प्रमुख राजीव कपूर और अन्य लोगों ने स्कूल प्रांगण में एक पौधा मां के नाम अभियान के तहत पौधरोपण किया। विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण पर आधारित चित्रकला, भाषण और प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में बढ़-चढ़कर भाग लिया। विजेताओं को मुख्यातिथि ने पुरस्कार देकर सम्मानित किया। पर्यावरण दिवस पर नाथपा डैम में भी पौधरोपण अभियान चलाया गया और मोबाइल मेडिकल यूनिट के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण पर विभिन्न गांवों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
परियोजना प्रमुख राजीव कपूर ने प्रदूषण और अन्य हानिकारक प्रभावों से बचाने के लिए अधिक से अधिक पौधरोपण करने का आह्वान किया, ताकि वर्तमान और भावी पीढिय़ों के लिए एक स्वच्छ, स्वस्थ और संतुलित वातावरण सुनिश्चित किया जा सके। इस मौके पर क्षेत्रीय अधिकारी प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड रामपुर दीपक डोगरा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।