चौपाल स्कूल में नशा मुक्ति जागरूकता शिविर में स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का दिया संदेश
संवाद न्यूज एजेंसी
चौपाल (रोहड़ू)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला चौपाल में मानव कल्याण सेवा समिति की ओर से सीपीएलआई प्रोजेक्ट के तहत नशा मुक्ति जागरूकता शिविर लगाया गया। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक करना और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा।
दिल्ली से आए प्रवक्ता धर्मेंद्र सैनी ने कहा कि नशा युवा पीढ़ी के भविष्य के लिए सबसे बड़ा खतरा बनता जा रहा है। बच्चों को नशे से दूर रहने, अपने लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित करने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की सलाह दी। कहा कि नशे की शुरुआत अक्सर गलत संगत और जिज्ञासा से होती है, लेकिन धीरे-धीरे यह व्यक्ति और उसके परिवार के लिए गंभीर समस्या बन जाती है। उन्होंने विद्यार्थियों को अच्छे मित्र चुनने, खेल, शिक्षा और सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय रहने के लिए प्रेरित किया। शिविर के दौरान समिति के निदेशक केशव राम लोदटा ने नशों से होने वाले शारीरिक, मानसिक और सामाजिक नुकसान के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि नशा युवाओं के भविष्य को अंधकारमय बना देता है, इसलिए युवाओं को शिक्षा, खेल और अच्छे संस्कारों की ओर ध्यान देना चाहिए। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों को नशा न करने तथा समाज में भी जागरूकता फैलाने की शपथ दिलाई गई।
समिति की ओर से वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला भरानु, वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला केदी, वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला नेरवा और आईटीआई चौपाल में भी नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।