रोहड़ू। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय जुब्बल में पुलिस थाना की ओर से साइबर अपराध जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों को बढ़ते साइबर अपराधों और ऑनलाइन धोखाधड़ी से सतर्क रहने के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी, फिशिंग, एपीके फाइल के माध्यम से होने वाले साइबर फ्रॉड और सुरक्षित इंटरनेट इस्तेमाल करने के तरीकों के बारे में विस्तार से बताया गया। पुलिस टीम ने विद्यार्थियों को अनजान लिंक पर क्लिक न करने, संदिग्ध फाइल डाउनलोड न करने और ऑनलाइन लेनदेन के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी। इसके अलावा साइबर अपराध का शिकार होने पर तुरंत शिकायत दर्ज करवाने के लिए हेल्पलाइन नंबर 1930 और राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (एनसीआरपी) की जानकारी भी दी गई।