कुमारसैन (रामपुर बुशहर)। कुमारसैन के वृत्त कांगल के अंतर्गत राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कोटीघाट में बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ के बारे में जागरूक करने के लिए किशोरी मेले का आयोजन किया गया। डॉ. कृतिका कंवर ने किशोरियों को मासिक धर्म एवं स्वच्छता के बारे में जानकारी दी। पर्यवेक्षिका राजकुमारी कश्यप ने बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ के महत्व को समझाते हुए बेटियों के उत्थान के लिए चलाई जा रही सरकारी योजनाओं के बारे में जानकारी दी। प्रधानाचार्य अविनाश ने भी लैंगिक समानता पर विस्तृत जानकारी दी। इस अवसर पर छात्र-छात्राओं ने पेंटिंग, स्लोगन लेखन और भाषण प्रतियोगिता में भाग लिया। प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी छात्र-छात्राओं को उपहार देकर सम्मानित किया गया।