ऑडिशन को लेकर युवाओं में दिख रहा जबरदस्त उत्साह
संवाद न्यूज एजेंसी
आनी (कुल्लू)। सिराज उत्सव को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। 2 से 4 नवंबर तक उत्सव सजेगा। उत्सव समिति ने इस बार सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और फैशन प्रतियोगिताओं को खास आकर्षक बनाया है। इसी कड़ी में वॉयस ऑफ आउटर सिराज, मिस्टर आउटर सिराज और मिस आउटर सिराज सीजन-2 प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। प्रतिभागियों के लिए दो दिवसीय ऑडिशन प्रक्रिया शुक्रवार को विश्राम गृह आनी में शुरू हुई। ऑडिशन समन्वयक संजीव आर्यन ने बताया कि वॉयस ऑफ आउटर सिराज प्रतियोगिता में 50 कलाकार भाग ले रहे हैं। इनमें स्थानीय युवाओं से लेकर बाहर के प्रतिभाशाली गायक भी शामिल हैं। उत्सव समिति ने बताया कि 2 से 4 नवंबर तक आयोजित होने वाले सिराज उत्सव में पारंपरिक लोकनृत्य, गायन, और फैशन शो के अलावा स्थानीय संस्कृति को प्रदर्शित करने वाले कार्यक्रम भी आकर्षण का केंद्र रहेंगे। आयोजन समिति उत्सव को यादगार बनाने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है ताकि लोगों को मनोरंजन और सांस्कृतिक अनुभव का अनोखा संगम मिल सके।