रोहड़ू।
राजा वीरभद्र सिंह राजकीय महाविद्यालय सीमा में 17 सितंबर को रिलायंस ब्रांड्स लिमिटेड के अरमानी एक्सचेंज की ओर से कैंपस प्लेसमेंट ड्राइव का आयोजन किया जाएगा। इसका आयोजन सुबह 10 बजे से महाविद्यालय परिसर में शुरू होगा। इसमें बीए, बीकॉम, बीएससी, बीबीए, बीवॉक और बीसीए के अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों के अलावा पासआउट विद्यार्थी भी भाग ले सकेंगे। इस दौरान कंपनी के प्रतिनिधि विद्यार्थियों के साथ संवाद करेंगे और योग्य अभ्यर्थियों के चयन के लिए भर्ती प्रक्रिया आयोजित की जाएगी। कंपनी के ब्रांड प्रमुख भी विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करते हुए कॉरपोरेट क्षेत्र में रोजगार की संभावनाओं की जानकारी देंगे। चयनित अभ्यर्थियों को कंपनी की ओर से करीब 30 से 35 हजार रुपये प्रतिमाह का वेतन पैकेज दिया जाएगा। ऐसे में यह प्लेसमेंट ड्राइव विद्यार्थियों के लिए रोजगार हासिल करने का महत्वपूर्ण अवसर माना जा रहा है। महाविद्यालय प्रशासन ने पात्र विद्यार्थियों से अधिक से अधिक संख्या में प्लेसमेंट ड्राइव में भाग लेने का आह्वान किया है। महाविद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. प्रेम प्रकाश चौहान ने कहा कि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध करवाना महाविद्यालय की प्राथमिकता है।