ठोडो मैदान में गीता आदर्श स्कूल ने किया अंतरसदनीय खो-खो प्रतियोगिता का आयोजन
मातृ दिवस पर भी विशेष कार्यक्रम में बच्चों ने बिखेरे रंग
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। पीएनएनएम गीता आदर्श विद्यालय की ओर से ठोडो मैदान में अंतरसदनीय खो-खो प्रतियोगिता और विद्यालय परिसर में मातृ दिवस का शानदार आयोजन किया गया। इन कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और नैतिक मूल्यों पर बल दिया गया। ठोडो ग्राउंड में आयोजित इस खेल प्रतियोगिता में विद्यालय के चारों सदनों अर्जुना, कृष्णा, एकलव्य और गीता की वरिष्ठ वर्ग की छात्राओं के बीच कड़ा मुकाबला हुआ। प्रतियोगिता में लगभग 60 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया, जबकि 500 से अधिक विद्यार्थियों ने दर्शकों के रूप में मैच का आनंद उठाया। शुरुआती दौर के बाद कृष्णा और अर्जुना सदन की टीमें फाइनल में पहुंचीं। इसमें फाइनल मैच में शानदार प्रदर्शन करते हुए अर्जुना सदन की टीम विजयी रही। अर्जुना सदन की वैभवी को उनके उत्कृष्ट खेल के लिए बेस्ट प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट घोषित किया गया।
प्रधानाचार्य डॉ. स्नेह शर्मा और सह-प्रधानाचार्या पंपोंश गुप्ता ने विजेता टीम को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया और खेल भावना को बनाए रखने के लिए प्रेरित किया। वहीं, विद्यालय में मातृ दिवस के उपलक्ष्य पर कक्षा पहली से तीसरी तक के नन्हे विद्यार्थियों ने भावुक और सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। बच्चों ने अपनी माताओं को समर्पित नृत्य पेश किए और कविताएं सुनाईं। इस अवसर पर शाश्वत, मायरा, रियांशी, काव्या, रियांश, समायरा, आशवीं, हेत्ल, इशिका, अंशिका और वंशिका ने मां के महत्व और उनके निस्वार्थ योगदान पर अपने विचार साझा किए।