मंत्री ने धार उत्सव ग्रामीण स्तरीय वॉलीबाल प्रतियोगिता के समापन पर की शिरकत
संवाद न्यूज एजेंसी
रोहड़ू। जुब्बल उपमंडल की धार पंचायत में नवयुवक मंडल की ओर से आयोजित धार उत्सव ग्रामीण स्तरीय वॉलीबाल प्रतियोगिता का समापन हो गया। शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। शिक्षा मंत्री ने नव युवक मंडल धार को सफल आयोजन के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि जुब्बल के ठाकुर रामलाल राजकीय बालिका खेल विद्यालय में सात खेलों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। खेल छात्रावास के प्रभावी संचालन के लिए प्रदेश मंत्रिमंडल ने हाल ही में 32 नए पदों को स्वीकृति प्रदान की है। प्रदेश में वर्तमान में 11 खेल छात्रावास संचालित हैं। जुब्बल का कन्या खेल छात्रावास इनमें सबसे बड़ा संस्थान है। इस छात्रावास की दो छात्राओं का वर्ल्ड स्कूल वॉलीबाल चैंपियनशिप-2026 के लिए भारतीय टीम में चयन हुआ है। शिक्षा मंत्री ने जुब्बल-नावर-कोटखाई विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों का जिक्र किया। धार पंचायत में 50 लाख रुपये की लागत से सामुदायिक भवन बन रहा है। सड़क संपर्क में 181 नई सड़कों का निर्माण और स्वीकृति हुई है। कोटखाई में केंद्रीय विद्यालय के लिए 30 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं। प्रदेश में 9,000 शिक्षकों की नियुक्ति हो चुकी है और 3,000 पदों पर भर्ती जारी है। उन्होंने नव युवक मंडल धार को 50 हजार रुपये देने की घोषणा भी की।