घर बैठे पढ़ाई करने का मिल रहा सुनहरा मौका
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। इच्छुक अभ्यर्थी इग्नू में जुलाई सत्र 2026 के लिए 15 जुलाई तक प्रवेश ले सकते हैं। जो शिक्षार्थी किसी कारणवश नियमित तौर पर अपनी पढ़ाई नहीं कर पाते या वे अभ्यर्थी जो कार्यरत हैं, उनके लिए इग्नू ऐसा प्लेटफॉर्म है, जहां से घर बैठे अपनी पढ़ाई पूरी कर सकते हैं। इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय इग्नू के अध्ययन केंद्र-1110 राजकीय महाविद्यालय रामपुर की सह समन्वयक प्रो. प्रोमिला कुमारी ने बताया कि जो अभ्यर्थी 12वीं के बाद अपनी पढ़ाई जारी रखना चाहते हैं, वे इग्नू के समर्थ पोर्टल पर जाकर प्रवेश ले सकते हैं। इग्नू में पहले से अध्ययनरत विद्यार्थियों के लिए पुनः पंजीकरण की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है, इसलिए पहले से पंजीकृत विद्यार्थी 30 जून से पहले फिर से पंजीकरण करवा सकते हैं। सह समन्वयक प्रो. प्रोमिला ने प्रवेश लेने वाले सभी इच्छुक अभ्यर्थियों और पहले से पंजीकृत विद्यार्थियों को प्रवेश एवं पुनः पंजीकरण के लिए आग्रह किया है कि वह इस सुनहरे अवसर का लाभ उठाएं। आवेदन की प्रक्रिया इग्नू की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है। इग्नू से संबंधित अधिक जानकारी के लिए इग्नू अध्ययन केंद्र-1110 रामपुर में आकर संपर्क कर सकते हैं।