रोहड़ू। रविवार रात से लगातार बारिश के कारण क्षेत्र में सेब तुड़ान का काम थम गया है। ग्रामीण क्षेत्रों की कई सड़कें भूस्खलन होने से बाधित हैं। सेब तुड़ान नहीं हो पाने के कारण सोमवार को ऊपरी शिमला की सभी मंडियों में सेब की आमद में भारी गिरावट दर्ज की गई है। भारी बारिश के कारण हुए भूस्खलन के चलते कई क्षेत्रों में संपर्क सड़कें भी बंद हो गई हैं, जिससे सेब का परिवहन भी प्रभावित हुआ है। बीती शाम से बागवान बगीचों में बीमारी की रोकथाम के लिए दवाइयों का छिड़काव भी नहीं कर सके। अब बागवान मौसम खुलने का इंतजार कर रहे हैं। भूस्खलन से बंद ग्रामीण क्षेत्रों की सड़कों को खोलने का काम सोमवार दोपहर बाद से शुरू कर दिया गया है। कई सड़कों को लोक निर्माण विभाग ने वाहनों के लिए बहाल कर दिया है। लोक निर्माण विभाग के एक्सईएन ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों की कई सड़कें भूस्खलन से बंद हो गई हैं। सड़कों को खोलने का काम तेजी से किया जा रहा है। सोमवार देर शाम तक अधिकांश सड़कें वाहनों के लिए बहाल हो जाएंगी। संयुक्त किसान मंच के प्रदेश संयोजक हरीश चौहान ने कहा कि बारिश के कारण सेब सीजन प्रभावित हुआ है। सेब तुड़ान न होने से क्षेत्र की सभी मंडियों में सेब की आमद घट गई है। अब मौसम खुलने के बाद दोबारा सेब सीजन रफ्तार पकड़ेगा।