नाले में फेंकी गई सड़े हुए सेब की बोरियां। संवाद
.पेयजल में बदबू आने से विभाग ने रोकी आपूर्ति
ठेकेदार को बोरियों को हटाने के दिए निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
आनी (कुल्लू)। आनी खंड की तलुना और डिंगीधार पंचायत के बीच स्थित कोटनुनाला में एपीएमसी के ठेकेदार ने सड़ चुके सेब की बोरियां फेंक दीं। बोरियों से बाहर निकले सड़े हुए सेब एक पेयजल स्रोत के पास भी पहुंच गए, जहां से जल शक्ति विभाग पेयजल की आपूर्ति करता है। पेयजल से जब बदबू आने लगी, तो लोगों ने इसकी शिकायत विभाग को दी। इसके बाद जल शक्ति विभाग को पेयजल आपूर्ति रोकनी पड़ी। वहीं, एपीएमसी के ठेकेदार को नाले से बोरियां हटाने के निर्देश दिए हैं। जानकारी के अनुसार बरसात के दौरान सड़कें अवरुद्ध होने के कारण एचपीएमसी खरीदे हुए सेब की ढुलाई नहीं कर सका। इस कारण सेब बोरियों में सड़ गया। अब विभाग ने खराब सेब की बोरियों को डंप करने के लिए कुछ स्थान चिह्नित किए है, लेकिन कुछ बोरियां नाले में एक पेयजल स्रोत के समीप जा गिरीं। स्थानीय निवासी रोहित शर्मा ने बताया कि बोरियों के नाले में पहुंचने से पेयजल में बदबू आने लगी, जिसकी शिकायत विभाग को दी गई। शिकायत के बाद जल शक्ति विभाग ने एहतियातन इस स्रोत से पेयजल आपूर्ति तत्काल प्रभाव से रोक दी है ताकि लोगों के स्वास्थ्य पर कोई विपरीत प्रभाव न पड़े। उधर, दलाश स्थित एचपीएमसी केंद्र के प्रभारी लाल चंद ने बताया कि मामले की जानकारी मिलते ही संबंधित ठेकेदार को तुरंत बोरियां हटाने के निर्देश जारी कर दिए गए हैं।