रोहड़ू। बेटियों को सशक्त बनाने के लिए बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ मुहिम को आगे बढ़ाने की आवश्यकता है। शिक्षित होने के बाद महिलाएं अपने अधिकारों के बारे में जागरूक हो सकेंगी। समाज के उत्थान के लिए महिलाओं का सशक्त होना भी आवश्यक है। आज की नारी मीडिया, राजनीति, खेलों से लेकर अन्य विभिन्न क्षेत्रों में तेजी से आगे बढ़ रही है। यह बात सीमा कॉलेज के कार्यकारी प्राचार्य प्रो. बीएस पिरटा ने अमर उजाला की ओर से आयोजित अपराजिता 100 मिलियन स्माइल्स कार्यक्रम के दौरान कही।
हिमा दास से प्रेरणा लें छात्राएं
कार्यक्रम में सीमा कॉलेज के एनएसएस प्रभारी डॉ. उमेश नारटा ने बताया कि छात्राओं को हिमा दास से प्रेरणा लेनी चाहिए। गरीब परिवार से संबंध रखने के बावजूद हिमा दास ने दुनिया में भारत का नाम रोशन किया है। महिला सशक्तीकरण में शिक्षा का अहम रोल है। शिक्षित महिला को समाज अलग नजर से देखता है। इसलिए महिलाओं को स्वयं सशक्त और शिक्षित बनने के लिए कदम उठाने होंगे।
हेल्प लाइन नंबरों की होनी चाहिए जानकारी
सीमा कॉलेज में महिला सशक्तीकरण प्रकोष्ठ की सदस्य डॉ. निकिता धवन ने कहा कि महिलाओं को हेल्प लाइन नंबरों की जानकारी होना आवश्यक है लेकिन इन नंबरों का दुरुपयोग नहीं किया जाना चाहिए। आज के समय में महिलाएं प्रमुख पदों को संभाल रही हैं। निर्मला सीता रमण देश की वित्त मंत्री हैं। जो सभी महिलाओं के लिए एक उदाहरण है। समाज का उत्थान तभी होगा जब महिलाएं शिक्षित होंगी। महिला के शिक्षित होने से पूरा परिवार शिक्षित होता है।
महिलाएं अधिकारों के प्रति हो रहीं जागरूक
महिला सशक्तीकरण प्रकोष्ठ की सदस्य डॉ. सुमित्रा चौहान के अनुसार यह अभियान महिला सशक्तीकरण के लिए काफी सराहनीय प्रयास है। कार्यक्रम के माध्यम से महिलाएं उनके अधिकारों के प्रति जागरूक हो रही हैं।
छात्राएं हो रहीं जागरूक
सीमा कॉलेज की छात्रा मनीषा के अनुसार अपराजिता कार्यक्रम से छात्राएं जागरूक हो रही हैं। कार्यक्रम के माध्यम से उन्हें उनके अधिकारों के बारे में जानकारी मिल रही है।
हेल्पलाइन नंबरों की मिली जानकारी
कॉलेज की छात्रा अक्षिता के अनुसार कार्यक्रम में हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई। जिसका हम आपातकाल में इस्तेमाल कर सकते हैं। यह एक अच्छी पहल है।
अन्य छात्राओं के साथ जानकारी करेंगे साझा
छात्रा अक्षिता नेगी के अनुसार इस कार्यक्रम में उनको जो भी जानकारी मिली है। उसे वह अन्य छात्राओं के साथ भी साझा करेंगी। छात्राओं को उनके अधिकारों के बारे में जागरूक किया जाएगा।
महिला सशक्तीकरण को मिल रहा बल
छात्रा ऋज्वी के अनुसार अपराजित कार्यक्रम से महिला सशक्तीकरण को बल मिल रहा है। महिला का शिक्षित होना आज से समय में कितना आवश्यक है। कैसे महिलाएं सशक्त बन सकती हैं? इसकी विस्तृत जानकारी कार्यक्रम में मिली है।