अच्छे दिन का वादा करके गरीबों को शोषण करने का काम कर रही सरकार
बद्दी के भुड्ड में आयोजित राज्यस्तरीय अधिवेशन में बोले ट्रेड यूनियनों के नेता
संवाद न्यूज एजेंसी
बद्दी(सोलन)। केंद्र सरकार की मजदूर, कर्मचारी, ट्रांसपोर्ट व किसान विरोधी नीतियों के खिलाफ 16 फरवरी को देशव्यापी हड़ताल की जाएगी। इसकी तैयारियों के सिलसिले में सीटू, इंटक, एटक सहित केंद्रीय ट्रेड यूनियनों के संयुक्त मंच ने औद्योगिक मजदूरों का एक राज्य स्तरीय अधिवेशन भुड्ड बैरियर बद्दी में किया। इस अधिवेशन को सीटू राष्ट्रीय सचिव डॉ कश्मीर ठाकुर, इंटक प्रदेशाध्यक्ष बाबा हरदीप सिंह, एटक प्रदेशाध्यक्ष जगदीश चंद्र भारद्वाज, सीटू प्रदेशाध्यक्ष विजेंद्र मेहरा, उपाध्यक्ष जगत राम, इंटक जिलाध्यक्ष श्याम ठाकुर, एटक जिलाध्यक्ष सतीश शर्मा व उपाध्यक्ष नरेश घई ने संबोधित किया।
ट्रेड यूनियनों के संयुक्त मंच का मानना है कि केंद्र सरकार पूरी तरह पूंजीपतियों के साथ खड़ी हो गई है और आर्थिक संसाधनों को आम जनता से छीनकर अमीरों के हवाले करने के रास्ते पर आगे बढ़ रही है। ईजी ऑफ डूइंग बिजनेस के नारे की आड़ में मजदूर विरोधी लेबर कोड को थोपने, बारह घंटे की डयूटी, फिक्स टर्म व मल्टी टास्क रोजगार लागू करने, हड़ताल पर अघोषित प्रतिबंध लगाने व सामाजिक सुरक्षा को खत्म करने की नीति पर आगे बढ़कर यह सरकार इंडिया ऑन सेल, बंधुआ मजदूरी व गुलामी की थियोरी को लागू कर रही है। इस से केवल पूंजीपतियों, उद्योगपतियों व कॉरपोरेट घरानों को फायदा होने वाला है व गरीब और ज्यादा गरीब होगा। सीटू के राष्ट्रीय सचिव डॉ. कश्मीर ठाकुर ने कहा कि केंद्र सरकार की गारंटी, अच्छे दिन का वायदा करने वाली गरीब हितैषी होने का दम भरने वाली मोदी सरकार गरीबों को खत्म करने पर आमदा है। मोदी सरकार की इस तानाशाही व मजदूर विरोधी नीतियों के खिलाफ बीबीएन में ट्रेड यूनियनें 16 फरवरी को पूर्ण हड़ताल करेंगी। इस मौके पर ओमदत्त शर्मा, दलजीत सिंह, अनूप पराशर, राजन गोयल, पीतांबर ठाकुर, गजेंद्र तिवारी, अभिषेक ठाकुर, रविंद्र कुमार, अनिल कौशल, विकास कुमार, जितेंद्र कुमार, सुनील कुमार, राजेंद्र कुमार, कृष्ण पाल, अजय, हुस्न सहित सैंकड़ों औद्योगिक मजदूरों ने भाग लिया।