ननखड़ी में निकाली एंटी चिट्टा रैली, सातवें वित्त आयोग अध्यक्ष नंद लाल ने दिखाई हरी झंडी
विज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी ननखड़ी (रामपुर बुशहर)।
रामपुर उपमंडल की ननखड़ी तहसील में मंगलवार को एंटी चिट्टा रैली निकाली गई। इस रैली के जरिये विद्यार्थियों, महिलाओं, कर्मचारियों समेत ग्रामीणों ने नशे को छोड़ने का संदेश दिया। इस दौरान देश का भविष्य बचाना है, चिट्टा मुक्त हिमाचल बनाना है के नारों से ननखड़ी क्षेत्र गूंज उठा। वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला ननखड़ी से सातवें वित्त आयोग अध्यक्ष एवं स्थानीय विधायक नंद लाल ने रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह जागरूकता रैली ननखड़ी स्कूल से शुरू होकर अस्पताल, बाजार और चौक होते हुए तहसील मुख्यालय तक निकाली गई और यहां से वापस स्कूल में संपन्न हुई। इस रैली में प्रशासन, विभिन्न विभाग, विद्यार्थियों, महिलाओं, युवक मंडल, जन प्रतिनिधि और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। ननखड़ी स्कूल में आयोजित कार्यक्रम में वित्त आयोग के अध्यक्ष नंद लाल ने सभी लोगों से चिट्टे जैसे घातक नशे से बचने और अपने आसपास इसको लेकर व्यापक जागरूकता फैलाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि यह नशा युवा पीढ़ी को अपनी गिरफ्त में लेता जा रहा है। सामाजिक जागरूकता और सभी लोगों के साझे प्रयास से इस नशे को प्रदेश से समाप्त किया जा सकता है। कार्यक्रम में एसडीएम हर्ष अमरेंद्र सिंह ने भी लोगों और स्कूली बच्चों को नशा मुक्त समाज निर्माण का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि चिट्टे जैसे नशे से बचाव के लिए सभी लोगों का सहयोग जरूरी है। इस मौके पर ननखड़ी के तहसीलदार अनिल शर्मा, डीएसपी नरेश शर्मा, बीडीओ कार्तिक, सतीश वर्मा, सहित विभिन्न पंचायतों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
ननखड़ी में एंटी चिट्टा रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना करते विधायक नंद लाल। संवाद