नेरवा (रोहड़ू)। राजकीय महाविद्यालय नेरवा की ओर से तीन मार्च को वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह का आयोजन किया जा रहा है। इस अवसर पर शैक्षणिक और खेलकूद में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. हरबंस लाल शर्मा ने बताया कि यह समारोह विद्यार्थियों की प्रतिभा को प्रोत्साहित करने और उनके आत्मविश्वास को बढ़ाने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि हिमाचल प्रदेश कांग्रेस के प्रदेश महासचिव रजनीश किमटा होंगे। महाविद्यालय के छात्र-छात्राएं इस अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगे। बीते साल विभिन्न गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र एवं ट्रॉफियां प्रदान की जाएंगी। कार्यक्रम में महाविद्यालय में शिक्षा ग्रहण कर रहे छात्रों के अभिभावकों, स्थानीय गणमान्य नागरिकों और पूर्व छात्रों को भी आमंत्रित किया गया है।