वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला श्वाड में वार्षिक उत्सव में प्रस्तुति देती छात्राएं। संवाद
श्वाड़ स्कूल में धूमधाम से मनाया वार्षिक समारोह, छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम किए पेश
संवाद न्यूज एजेंसी
आनी (कुल्लू)। वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला और प्राथमिक पाठशाला श्वाड़ ने संयुक्त वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह आयोजित किया। इस दौरान सात दिवसीय एनएसएस शिविर का भी समापन समारोह मनाया गया। कार्यक्रम में पंचायत प्रधान हेत राम भारती मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथि धर्मदेव शुक्ला, ओमप्रकाश शर्मा, धर्म चंद, गौतम ठाकुर, उपप्रधान मुहान पंचायत, पूर्व अध्यक्ष तिलक गौतम और डोला सिंह मौजूद रहे। समारोह में प्राथमिक विद्यालय से आरती राणा को स्टूडेंट ऑफ द ईयर घोषित किया गया। सेकेंडरी स्तर पर सचिन को स्टूडेंट ऑफ द ईयर के साथ स्पोर्ट्समैन ऑफ द ईयर के खिताब से सम्मानित किया। एनएसएस गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए मौसम और स्मृति को सर्वश्रेष्ठ स्वयंसेवी चुना गया। समारोह में छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों से समां बांधा। प्रधानाचार्य निहाल ठाकुर ने वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। उन्होंने विद्यालय की उपलब्धियों के साथ मौजूदा समस्याओं से भी अवगत करवाया। मुख्य अतिथि हेत राम भारती ने सभी पुरस्कृत विद्यार्थियों को बधाई दी और कहा कि शिक्षा के साथ नैतिक मूल्यों का समावेश जीवन निर्माण की नींव है। इस मौके पर एसएमसी अध्यक्ष गोपाल भारद्वाज, सीमा देवी सहित कई अन्य मौजूद रहे।