सांस्कृतिक और साहित्यिक प्रतियोगिताएं करवाई जाएंगी
संवाद न्यूज एजेंसी
रिकांगपिओ (किन्नौर)। जिला युवा सेवा एवं खेल कार्यालय किन्नौर की ओर से 24 नवंबर को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला रिकांगपिओ में राज्य स्तरीय युवा उत्सव के लिए ऑडिशन लिए जाएंगे। इस अवसर पर सांस्कृतिक और साहित्यिक प्रतियोगिताएं करवाई जाएंगी। सहायक आयुक्त एवं जिला युवा सेवा एवं खेल अधिकारी किन्नौर डॉ. ओम प्रकाश यादव ने बताया कि लोकनृत्य प्रतियोगिता के लिए अधिकतम 10 प्रतिभागी और समय सीमा 15 मिनट की रहेगी। लोकगीत में भी 10 प्रतिभागी और समय सीमा सात मिनट रहेगी। हिंदी और अंग्रेजी भाषण प्रतियोगिता में एक प्रतिभागी और समय सीमा सात मिनट, कहानी लेखन में एक प्रतिभागी और समय 60 मिनट रहेगा। चित्रकला प्रतियोगिता में एक प्रतिभागी और समय 90 मिनट और कविता लेखन में भी एक प्रतिभागी और समय 90 मिनट रहेगा। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में भाग लेने के इच्छुक प्रतिभागियों की आयु 1 सितंबर 2025 तक 15 से 29 वर्ष के बीच होनी आवश्यक है। इसके अलावा इच्छुक प्रतिभागी अपने विद्यालय और कॉलेज के माध्यम से 24 नवंबर को सुबह 10: 00 बजे तक राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला रिकांगपिओ पहुंचे। विजेताओं का चयन आगामी राज्य स्तरीय युवा उत्सव के लिए किया जाएगा।