झाकड़ी स्कूल में धूमधाम से मनाया वार्षिक समारोह
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर।
राजकीय उत्कृष्ट वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय झाकड़ी में शनिवार को वार्षिक समारोह धूमधाम से मनाया गया। समारोह में मदन भारती और जीआर आजाद ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि ने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। विद्यालय के प्रधानाचार्य अरविंद नेगी ने विद्यालय की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए वर्षभर की शैक्षणिक और अन्य गतिविधियों की जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि इस वर्ष वार्षिक समारोह की थीम टुगेदर फॉर ए ब्राइटर टुमॉरो रखी गई है। समारोह के दौरान विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर खूब समां बांधा। छात्र-छात्राओं ने पहाड़ी नाटी, किन्नौरी नाटी, बॉलीवुड, पंजाबी गीतों और नाटक सहित विभिन्न प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया।