मेधावी व खेलकूद में अव्वल रहे विद्यार्थियों को किया सम्मानित
लोधी माजरा स्कूल में मनाया गया वार्षिक समारोह का आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
बद्दी(सोलन)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला लोधीमाजरा में वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह मनाया। इस मौके पर शिक्षा और खेलकूद में अव्वल रहे छात्रों को सम्मानित किया गया। समारोह के अवसर पर मुख्यातिथि सेवानिवृत्त प्रो. रणजोध सिंह ने छात्रों को पुरस्कार बांटे। समारोह में बतौर विशेष अतिथि के रूप में सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य बचना राम मौजूद रहे। कार्यक्रम की शुरुआत सरस्वती और गणेश वंदना से हुई। कार्यक्रम में गरबा नृत्य, सिक्किम डांस, पंजाबी गिद्दा, नाटी, कांगड़ी विवाह, योग मुद्रा और भांगड़ा आदि प्रस्तुत किए। इसके अलावा वृद्धावस्था में अपने माता-पिता की सेवा कैसे करें, उन्हें वृद्ध होने पर वृद्ध आश्रम न छोड़े, इस विषय पर लघु नाटिका पेश कर माता-पिता की सेवा के लिए प्रेरित किया। पाठशाला के प्रधानाचार्य रमेश कुमार शर्मा ने पाठशाला की वार्षिक रिपोर्ट पेश की। पाठशाला में शैक्षणिक क्षेत्र में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान पर आए छात्रों को मुख्यातिथि ने सम्मानित किया। इसमें हिमानी, दीक्षा, वैष्णवी, अनमोल, गुरप्रीत, संजीव कुमार, कोमल देवी सुनीता देवी, रुखसार, ज्योति के साथ-साथ अन्य छात्रों को भी पुरस्कृत किया गया। मुख्यातिथि ने विद्यार्थियों को अध्यापकों और अपने माता-पिता का आदर करने पर्यावरण प्रेमी बनने, नशे से दूर रहने, यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया। विशेष अतिथि ने बचना राम ने बच्चों को अनुशासन प्रिय बनने को कहा। इस अवसर पर जिला सोलन के निरीक्षण दल में प्रधानाचार्य देशराज शर्मा, मुख्य अध्यापिका एमडी चौहान, बीईओ रंजना नैय्यर, स्कूल प्रबंधन कमेटी की प्रधान सिमरन कौर, प्रधानाचार्य सेवानिवृत्ति बलविंदर कौर, पवन कुमार रतिया आदि मौजूद रहे।