आनी (कुल्लू)। हिमालयन मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल आनी के प्री-प्राइमरी और प्राइमरी विंग का वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह धूमधाम से मनाया गया। समारोह में शैक्षणिक और गैर-शैक्षणिक गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले करीब 268 होनहार विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। समारोह में छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों से खूब वाहवाही बटोरी। कार्यक्रम में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी आनी के वरिष्ठ नेता घनश्याम ठाकुर बतौर मुख्य अतिथि मौजूद रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को पुरस्कार प्रदान करते हुए कहा कि प्राथमिक स्तर के शिक्षक बच्चों के भविष्य की मजबूत नींव रखते हैं। शिक्षक का मार्गदर्शन और सकारात्मक सोच सामान्य विद्यार्थी को भी ऊंचाइयों तक पहुंचा सकती है। मुख्य अतिथि ने विद्यालय प्रबंधन को सुझाव दिया कि भविष्य में सिंगापुर की शिक्षा प्रणाली की तर्ज पर बच्चों को विद्यालय में ही समग्र अध्ययन की सुविधा उपलब्ध करवाई जाए, ताकि भारी बस्तों और गृह कार्य के बोझ से विद्यार्थियों को राहत मिल सके। उन्होंने मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू की ओर से संचालित सुखाश्रय योजना की सराहना करते हुए समाज के कमजोर वर्ग के विद्यार्थियों को हर संभव सहयोग का आश्वासन भी दिया। प्रधानाचार्य ने बताया कि विद्यालय में करीब 25 निर्धन और बीपीएल वर्ग के विद्यार्थियों को निशुल्क शिक्षा दी जा रही है। विद्यालय प्रबंधन समिति की अध्यक्ष होमेश्वरी जोशी ने शिक्षकों से आह्वान किया कि वे शिक्षा के साथ खेल और संस्कारों में भी विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयास करें। इस मौके पर हिमालयन शिक्षा समिति के अध्यक्ष रफ्तार ठाकुर और टीकम राम कई अन्य मौजूद रहे।