रामपुर बुशहर। बाल विकास परियोजना रामपुर की ओर से तीन दिवसीय पोषण भी-पढ़ाई भी प्रशिक्षण शिविर चल रहा है। शिविर के दूसरे दिन आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को संतुलित आहार के बारे में जागरूक किया। प्रशिक्षण शिविर में सर्किल गानवी, तकलेच और डंसा की 90 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। शिविर की अध्यक्षता बाल विकास परियोजना अधिकारी शशि ठाकुर ने की। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की क्षमता को सुदृढ़ कर समुदाय स्तर पर बच्चों के पोषण और विकास को बेहतर बनाना है। उन्होंने कहा कि दूसरे चरण के प्रशिक्षण शिविर में कार्यकर्ताओं के लिए पोषण विषय पर विशेष सत्र आयोजित किया गया। इसमें गर्भवती महिलाओं, धात्री माताओं, 3 से 6 वर्ष के बच्चों के लिए संतुलित आहार, पोषण स्तर में सुधार, कुपोषण की पहचान और रोकथाम पर विस्तृत जानकारी दी गई।