हजारों राहगीर एनएच पर आवाजाही करने में झेल रहे परेशानी, कई बार हो चुके हादसे
विज्ञापन
एनएचएआई ने ओवरहेड ब्रिज के लिए तैयार किया डिजाइन संवाद न्यूज एजेंसी रामपुर बुशहर। चार जिलों के प्रमुख व्यापारिक केंद्र रामपुर में बढ़ती ट्रैफिक परेशानी का सबब बन गई है। शहर के मध्य से गुजर रहे नेशनल हाईवे-पांच पर पैदल सफर करना हमेशा खतरे भरा बना रहता है। जल्द ही शहर आने वाले लोगों को राहत मिलेगी। खासकर, हजारों स्कूली बच्चों को बड़ी राहत मिलेगी। रामपुर में ओवरहेड ब्रिज बनाए जाएंगे। शहर में मिनी सचिवालय से लेकर पुराने बस अड्डे तक का सफर काफी जोखिमभरा बना हुआ है। ओवरहेड ब्रिज के लिए भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने डिजाइन तैयार कर दिया है। जल्द ही शहरवासियों को शिमला की तर्ज पर ओवरहेड ब्रिज का लाभ मिलेगा। शहर के लोगों को ब्रिज लगने के बाद खतरों के साये में आवाजाही नहीं करनी पड़ेगी। एनएचएआई ने करीब 2.50 करोड़ रुपये की बजट से डीपीआर और डिजाइन तैयार कर दिया है। इस ब्रिज को बनाने के लिए एसडीएम अमरेंद्र सिंह हर्ष ने एनएचएआई के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि जल्द सभी औपचारिकताओं को पूरी करके काम शुरू किया जाए ताकि बच्चों और अन्य लोगों को परेशानी न हो। इस ओवरहेड ब्रिज के बनने से एसडीएम कार्यालय के कर्मचारियों को भी कार्यालय पहुंचने में लाभ मिलेगा। उधर, एनएचएआई के सहायक अभियंता रामपुर प्रदीप कुमार ने बताया कि एसडीएम के आदेशानुसार डीपीआर और ओवरहेड ब्रिज का डिजाइन तैयार कर दिया है। अभी पदम छात्र स्कूल प्रबंधन से एनओसी नहीं मिली है। एनओसी मिलने के बाद सारी औपचारिकताओं पूरी करने के बाद काम शुरू कर दिया जाएगा