भड़ावली पंचायत में नशा बेचने वालों की खैर नहीं, पकड़े जाने पर होगी एफआईआर : कृष्ण गोपाल
. पंचायत प्रधान ने नशा तस्करों को दी सख्त चेतावनी, ग्रामीणों से नशामुक्त समाज के निर्माण में सहयोग की अपील
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर।
उपमंडल रामपुर की भड़ावली पंचायत को नशा मुक्त बनाने के लिए पंचायत ने सख्त रुख अपनाया है। पंचायत प्रधान कृष्ण गोपाल ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि पंचायत क्षेत्र में यदि कोई व्यक्ति नशीले पदार्थों की बिक्री करते हुए पाया गया, तो उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाई जाएगी। उन्होंने कहा कि नशा तस्करी में संलिप्त लोगों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। पंचायत प्रधान कृष्ण गोपाल ने कहा कि नशा आज समाज के सामने गंभीर चुनौती बनता जा रहा है। इसका सबसे अधिक दुष्प्रभाव युवाओं पर पड़ रहा है। नशे की लत न केवल व्यक्ति के भविष्य को बर्बाद कर रही है, बल्कि इससे परिवार और समाज को भी नुकसान उठाना पड़ता है। ऐसे में नशा तस्करी पर अंकुश लगाना और युवाओं को इस बुराई से बचाना सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि भड़ावली पंचायत को नशामुक्त बनाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। पंचायत स्तर पर नशे के खिलाफ जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ ग्रामीणों को भी इस अभियान में सक्रिय भूमिका निभानी होगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि यदि उनके आसपास कोई व्यक्ति नशीले पदार्थों की खरीद-फरोख्त में संलिप्त पाया जाता है, तो इसकी सूचना पंचायत और संबंधित पुलिस अधिकारियों को दें।