पीएमजेएसवाई-4 के तहत होगा सड़क का निर्माण, मंत्री ने आपदा प्रभावित तकलेच और सेरीपुल क्षेत्र का किया दौरा
विज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। सेरीपुल में अब वैकल्पिक मार्ग बनेगा। यहां तीन साल से लगातार धंस रही सड़क से दुर्गम क्षेत्र की चार पंचायतों के ग्रामीणों को जल्द राहत मिलेगी। प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना-4 के तहत मार्ग का निर्माण किया जाएगा। लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने सेरीपुल दौरे के दौरान यह बात कही। मंगलवार को मंत्री ने रामपुर दौरे के दौरान आपदा प्रभावित क्षेत्र तकलेच और सेरीपुल क्षेत्र का जायजा लिया। सातवें वित्त आयोग के अध्यक्ष एवं विधायक नंदलाल भी उपस्थित रहे। तकलेच पहुंचने पर लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह का लोगों का स्वागत किया। प्रभावित ग्रामीणों ने मंत्री के समक्ष अपनी समस्याएं रखीं। तकलेच के बाद मंत्री सेरीपुल पहुंचे और यहां पर लगातार धंस रही सड़क का निरीक्षण किया। लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता एसके नेगी ने लोक निर्माण मंत्री को सड़क की स्थिति स्पष्ट की। नेगी ने कहा कि यहां पर वैकल्पिक मार्ग के लिए जगह को चिह्नित कर दिया गया है। साथ ही मुख्य सड़क को बहाल करने के लिए मौके पर मशीनरी को लगाया गया है। काशापाट पंचायत के प्रतिनिधिमंडल ने भी अपनी समस्याओं को लेाक निर्माण मंत्री के समक्ष रखा। पंचायत प्रधान पुष्पा देवी ने कहा कि पंचायत को जोड़ने वाली सड़क तीन माह से बंद है। ग्रामीणों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इसके अलावा कई अन्य ग्रामीणों ने भी मंत्री के समक्ष अपनी मांगें रखी और जल्द समस्या को दूर करने की मांग उठाई। दरकाली पंचायत के शरनाल गांव के प्रभावितों ने भी लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने कहा कि शरनाल गांव में भूमि वर्ष 2023 से लगतार धंस रही है। यहां सैकड़ों बीघा जमीन तबाह हो चुकी है। दो दर्जन से अधिक ग्रामीण प्रभावित हैं। ग्रामीणों की समस्या को दूर करने के लिए लोक निर्माण मंत्री ने संबंधित विभाग को निर्देश दिए।
सेरी पुल में जायजा लेते मंत्री विक्रमादित्य सिंह। संवाद