दलाश-कंडागई सडक़ पर गिरा डंगा दो साल बाद नहीं लगा पाया विभाग। संवाद
सड़क पर गिरा दो साल पहले गिरा डंगा आज तक नहीं लगा
सड़क से रोजाना गुजरते हैं सैकड़ों वाहन, ग्रामीणों ने जताया रोष
संवाद न्यूज एजेंसी
दलाश (कुल्लू)। आनी उपमंडल के दलाश क्षेत्र में लोक निर्माण विभाग की अनदेखी कभी भी वाहन चालकों पर भारी पड़ सकती है। दलाश-कंडागई सड़क पर दो साल पहले गिरा डंगा आज दिन तक नहीं लग पाया है। ऐसे में यहां हमेशा हादसे होने की आशंका बनी रहती है। ग्रामीणों ने सरकार, प्रशासन और लोक निर्माण विभाग से कई बार गुहार लगाई, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। ग्रामीणों ने लोक निर्माण विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर रोष जताया है। इस सड़क पर दो साल पहले बरसात के दौरान डंगा गिर गया था। इसके बाद से लोक निर्माण विभाग ने आज दिन तक डंगे का निर्माण नहीं करवाया। डंगा गिरने के कारण यहां सड़क संकरी हो गई है। सड़क पर रोजाना सैकड़ों वाहनों की आवाजाही होती है। यहां से परिवहन निगम की बसें भी मुश्किल से गुजरती हैं। साथ ही इस सड़क से ग्रामीण दलाश अस्पताल के लिए पहुंचते हैं। वाहन चालकों को बड़ी सावधानी से यहां गाड़ी चलानी पड़ती है। यदि इस संकरी सड़क पर वाहन चलाते वक्त थोड़ी लापरवाही हुई, तो बड़ा हादसा भी पेश आ सकता है। ग्रामीण में जिया लाल वर्मा, एनडी ठाकुर, मोहर सिंह, देवरिया चौहान, किशोरी लाल और प्रदीप चौहान ने प्रदेश सरकार, जिला प्रशासन और लोक निर्माण विभाग से मांग की है कि क्षतिग्रस्त सड़क पर जल्द डंगा लगाया जाए, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से बचा जा सके। लोक निर्माण विभाग के कनिष्ठ अभियंता लाल सिंह ने बताया कि विभाग ने डंगे के निर्माण को लेकर प्राक्कलन तैयार कर भेजा है। बजट की मंजूरी मिलते ही कार्य शुरू कर दिया जाएगा।